नई दिल्ली । भारत और इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल में संपन्न हुए टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की टीम ने 3-0 से कीवी टीम सूपड़ा साफ किया। सीरीज की खास बात यह रही कि इंग्लैंड के बल्लेबाज किसी भी पारी में दबाव में नहीं दिखाई दिए। इंग्लैंड ने तीनों टेस्ट लक्ष्य का पीछा करते हुए जीता। टिम साउदी, काइल जैमिसन, ट्रेंट बोल्ट और नील वैगनर की चौकड़ी ने पिछले साल न्यूजीलैंड को इंग्लैंड की धरती पर ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का पहला खिताब दिलाया था। लेकिन एक साल बाद इन्हीं तेज गेंदबाजों की इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने जमकर पिटाई की है।
टेस्ट क्रिकेट में चौथी पारी में लक्ष्य का पीछा मुश्किल होता है। शुरुआत में किसी टीम के दो-तीन विकेट गिर जाने पर टीम ड्रॉ की ओर देखने लगती है। हालांकि, पिछले कुछ सालों में सभी टीमें टेस्ट क्रिकेट में हार या जीत के लिए खेल रही हैं। भारत ने भी साल
2020-21 में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर आक्रामक क्रिकेट के जरिए टेस्ट सीरीज 2-1 से जीती थी। अब इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब चौथी पारी में लक्ष्य का पीछा करने का स्टाइल बदला है। लॉर्ड्स में हुए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने 78.5
ओवर में 279 रनों का लक्ष्य हासिल किया। जो रूट ने 115 और बेन स्टोक्स ने 54 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड ने करीब 3.5 की रनरेट से स्कोर का पीछा किया।
इसके बाद अगले 2 टेस्ट मैचों में जॉनी बेयरस्टो ने अकेले न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के नाक में दम कर दिया। दूसरा मुकाबला नॉटिंघम में खेला गया, जिसमें इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 299 रनों का लक्ष्य का था। बेयरस्टो ने 92 गेदों में 136 और बेन स्टोक्स ने 70 गेंदों में 75 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड ने इस लक्ष्य को 50 ओवर हासिल कर लिया। इसके बाद तीसरे टेस्ट में भी बेयस्टो ने 162 और नाबाद 71 रनों की पारी खेली।
लीड्स में हुए टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने सिर्फ तीन विकेट खोकर 54.2 ओवर में 296 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इंग्लैंड-न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान इंग्लिंस बल्लेबाज ने रन रेट के मामले में पाकिस्तान के 16 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। भारत और पाकिस्तान के बीच साल 2006 में पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने 4.35 के रनरेट से रन बरसाया था। तब पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से जीत हासिल की थी। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4.54 की रनरेट से रन बनाए हैं।