नर्मदापुरम । सडक सुरक्षा के तहत यातायात पुलिस द्वारा टाईमिंग मिलाने के लिए अंधी रफ्तार से दौड रही बसों सहित अनाधिकृत रूप से सडक किनारे खडी करने से दुर्घटना को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बस स्टैंड से समय से निकल कर यात्रियों की तलाश में विलंब कर शीघता से शहर से बाहर निकलने की कोशिश में लोगों की जान जोखिम में डालने वाले वाहनों के विरुद्ध सोमवार को यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा कर चालानी कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि शहर के भीतरी सड़कों पर बेलगाम तरीके से बसों को चलाने की कुछ शिकायतें एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने संज्ञान में आई थी। जिस पर ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिये गए थे। जिस पर यातायात डीएसपी संतोष मिश्रा एवं यातायात टीआई आशीष पवार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने इस प्रकार के वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर ओव्हर ब्रिज तिराहा और एनएमवी तिराहे पर कार्यवाही की गई।
अभियान में बिना वर्दी के वाहन चला रहे ड्राइवरों पर भी यातायात पुलिस की विशेष नजर रही है और इन्हें भी नहीं बख्शा गया। यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 9 वाहनो से 9 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया एवं बिना वर्दी, नेम प्लेट के 26 प्रकरणों में जुर्माना 13 हजार रुपये वसूला गया। 28 जून को नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 50 वाहनो के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जुर्माना राशि 28 हजार 250 रुपये वसूल किया गया है।