इस्लामाबाद । पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ अगले माह होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए लेग स्पिनर यासिर शाह को शामिल किया है। यासिर एक साल के बाद टीम में वापसी करेंगे। वह पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के बाद से ही अपनी फिटनेस के लिए संघर्ष कर रहे थे।
उन्होंने सात साल पहले श्रीलंका में में हुई टेस्ट सीरीज में 24 विकेट लेकर पाक टीम को जीत दिलायी थी। यासिर को 18 सदस्यीय टीम में आफ स्पिनर साजिद खान की जगह शामिल किया गया है। शाह ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली घरेलू टेस्ट सीरीज में खेला था पर पाक टीम को 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था। शाह के अलावा ऑलराउंडर सलमान अली आगा और बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज को भी टीम में जगह मिली है।
पाक और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट गॉल में 16 से 20 जुलाई तक होगा जबकि दूसरा टेस्ट कोलंबो में 24 से 28 जुलाई तक खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम छह जुलाई को इस दौरे के लिए श्रीलंका रवाना होगी और वहां 11 से 13 जुलाई तक तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
पाक टीम इस प्रकार है: बाबर आजम (कप्तान),
मोहम्मद रिजवान, अब्दुल्ला शफीक, अजहर अली, फहीम अशरफ, फवद आलम, हारिस राउफ, हसन अली, इमाम उल हक, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, नौमान अली, सलमान अली आगा, सरफराज अहमद, सौद शकील, शाहीन अफरीदी, शान मसूद और यासिर शाह।