भोपाल। कांग्रेस केवल गरीब-गरीब करती रही, कभी गरीबों की चिंता नही की। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने गरीबों के लिए निःशुल्क राशन, इलाज और आवास की व्यवस्था की। गरीबों का कल्याण भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता में है। हमने माफियाओं से जो 21 हजार एकड़ जमीन बुलडोजर चलाकर छीनी है, वह सारी जमीन गरीबों में बाट दी जायेगी।
मध्यप्रदेश के प्रत्येक वैध रूप से पट्टा देकर प्लाट का मालिक बनायेंगे, ताकि वे अपना घर बना सकें। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल के नारियलखेड़ा महापौर प्रत्याशी श्रीमती मालती राय के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों की फीस माता-पिता नहीं, सरकार भरेगी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की बहनों या बेटियों की तरफ किसी ने निगाह ऊठाई, तो बुलडोजर चलाकर तहस, नहस और नेस्तनाबूद कर दूंगा। गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों की मेडिकल, इंजीनियरिंग, लॉ, आईआईएम में एडमिशन होने पर उनकी फीस माता-पिता नहीं, हमारी सरकार भरवायेगी। संबल योजना में हमने तय किया
कि गरीब गर्भवती बहनों को प्रसव से पूर्व 4 हजार और प्रसव के पश्चात 12 हजार रुपये दिये जायेंगे। कमलनाथ की सरकार ने गरीबों के कल्याण की इस योजना को बंद कर दिया था जिसे हमने पुनः प्रारंभ किया है। पहले एक हजार बेटों पर 900 बेटियां जन्म लेती थीं, लेकिन अब लाडली लक्ष्मी योजना से एक हजार बेटों पर 970 बेटियां जन्म ले रही हैं और जब तक यह अंतर समाप्त नहीं हो जाता, तब तक चैन की सांस नहीं लूंगा।
आप आशीर्वाद दें, मैं नारियलखेड़ा की तकदीर और तस्वीर बदल दूंगा
श्री चौहान ने कहा कि नारियलखेड़ा में भाजपा का प्रत्याशी कभी नहीं जीता और भाजपा का प्रत्याशी जीतता तो विकास की बात करता। जीतने के बाद कांग्रेस का पार्षद यहां झांका तक नहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व महापौर आलोक शर्मा ने भोपाल को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर बनाकर दिखाया
अब पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता बहन श्रीमती मालती राय को भोपाल की महापौर और नारियल खेड़ा के पार्षद प्रत्याशी देवेन्द्र भार्गव को जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी है, जिन्हें आप अपना आशीर्वाद देकर भारी मतों से विजयी बनायें। उन्होंने कहा कि आज एक संकल्प के साथ यहां आया हूं, कि आपको नारियलखेड़ा की तकदीर और तस्वीर बदलकर दिखाऊंगा। यहां बच्चों के लिए विद्यालय, यात्री प्रतिक्षालय और संत रविदास नगर की झुग्गियों में जो जहां रह रहा है, वहीं पट्टा बनाकर मकान बनाने की कार्यवाही की जायेगी।
इस अवसर पर मंच पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार, महापौर प्रत्याशी श्रीमती मालती राय, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, वार्ड 22 के पार्षद प्रत्याशी देवेन्द्र भार्गव सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।