मुंबई । वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों की वजह से बीएसई सेंसेक्स गुरुवार को शुरूआती कारोबार में 266 अंक की तेजी के साथ खुला। सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी और आईसीआईसीआई बैंक शेयरों में तेजी के साथ बाजार लाभ में रहा। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरूआती कारोबार में 266.59 अंक की बढ़त के साथ 53,293.56 अंक पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 70.6 अंक की तेजी के साथ 15,869.70 अंक पर खुला।
सेंसेक्स शेयरों में कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील, रिलांयस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईटीसी शामिल हैं।
निफ्टी टॉप गेनर में हिन्डाल्को, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर थे तो टॉप लूजर में सिप्ला, टाटा कंज्यूमर, महिंद्रा एंड महिंद्र, ओएनजीसी और एचडीएफसी। शेयर बाजारों में चार दिन से जारी तेजी का दौर बुधवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच मुनाफावसूली से थम गया और मानक सूचकांक सेंसेक्स 150 अंक से ज्यादा गिर गया।
पिछले चार सत्रों में सेंसेक्स
1,354 अंक और निफ्टी 436 अंक मजबूत हुआ था। सेंसेक्स में शामिल 30 में से 20 शेयर घाटे में रहे। उतार-चढ़ाव से भरे कारोबारी सत्र में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स
150.48 अंक गिरकर
53,026.97 अंक पर आ गया।
कारोबार के दौरान एक समय यह 564.77 अंक तक टूटकर 52,612.68 अंक तक आ गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 51.10 अंक की गिरावट के साथ 15,799.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 में से 34 शेयर नुकसान में रहे।