आजादी की 75वीं वर्षगांठ से जुड़े राजनीतिक आयोजनों में राष्ट्रीय झंडे के सम्मान से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है। रायपुर में आजादी की गौरव यात्रा निकाल रहे नगर निगम के सभापति और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने तिरंगा झंडा अमर रहे का नारा लगा दिया। अब भाजपा इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बता रही है। भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा, हमारा तिरंगा जिंदाबाद था, जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा।
कांग्रेस ने अगस्त क्रांति दिवस यानी 9 अगस्त से आजादी की गौरव यात्रा शुरु की है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी 75 किमी की पदयात्रा कर रही है। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का विधायक नहीं है। ऐसे में वहां यात्रा का प्रभारी रायपुर नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे को बनाया गया है। प्रमोद दुबे रायपुर के महापौर रह चुके हैं।
पिछले आम चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें रायपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ाया था। मोदी लहर में भाजपा के सुनील सोनी से चुनाव हार गए। बुधवार को पदयात्रा का दूसरा दिन था। बताया जा रहा है कि प्रमोद दुबे शहर की सड़कों गुजरते हुए तिरंगा झंडा अमर रहे के नारे लगा रहे थे। इन नारों का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
BJP प्रवक्ता ने राष्ट्रीय झंडे का अपमान निंदनीय
भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस के नेताओं द्वारा लगातार राष्ट्रीय झंडे का अपमान किया जा रहा है। यह बहुत दुखद और निंदनीय है। कांग्रेस को भाजपा से दिक्कत है इसकी हमें कहीं कोई परवाह नहीं है, लेकिन उन नफरत के कारण तिरंगे का जो अपमान लगातार किया जा रहा है, वह हम नहीं सहेंगे।
शहीद विभूतियों के लिए जिन शब्दों का प्रयोग किया जाता है, उसका उपयोग तिरंगे के लिए किया जा रहा है। यह तिरंगे का स्पष्ट रूप से अपमान है। तिरंगा, कांग्रेसियों के बावजूद जिंदाबाद था, जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा। श्रीवास्तव ने कहा, तिरंगे झंडे का अपमान हम नहीं सहेंगे। यह कांग्रेस के नेता समझ अच्छी तरह लें।
मुख्यमंत्री से कार्यवाही तक की मांग
भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस के नेता तिरंगे झंडे का ऐसा अपमान कर रहे हैं, यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संज्ञान में आना चाहिए। उन पर कार्यवाही की जानी चाहिए। श्रीवास्तव ने कहा, हम इसपर कानूनी सलाह ले रहे हैं। इस पर कार्यवाही कराएंगे।
राजनांदगांव महापौर का भी विवाद
इससे पहले राजनांदगांव की महापौर हेमा देशमुख की एक तस्वीर पर विवाद हुआ था। कांवर यात्रा के दौरान उन्होंने जो तिरंगा पकड़ा था उसमें हरे रंग की पट्टी ऊपर थी। भाजपा उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए दो दिनों से प्रदर्शन कर रही है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा था।
भाजपा नेताओं पर भी है अपमान का आरोप
भाजपा नेताओं पर भी लगातार तिरंगे झंडे को गलत ढंग से पकड़ने और उसका अनादर करने के आरोप लग रहे हैं। पिछले सप्ताह धमतरी में भाजपा की तिरंगा यात्रा निकली। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष शशि पवार उल्टा झंडा पकड़ लिया था। कांग्रेस ने उनके खिलाफ शहर भर में प्रदर्शन किए। बाद में पुलिस ने मामला दर्ज किया।