देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। शहीदों को याद किया जा रहा है। इस बीच रायपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। इसमें शामिल होने मंगल पांडे के परिवार की चौथी पीढ़ी से ताल्लुक रखने वाले वंशज रघुनाथ पांडे भी पहुंचे। उनसे दैनिक भास्कर ने शहीद मंगल पांडे को लेकर बात की। इस दौरान वे मंगल पांडे मूवी में लीड रोल अदा करने वाले आमिर खान का नाम सुन भड़क गए। कहा कि मूवी के साथ जो तथ्यों की छेड़छाड़ हुई, उससे मन दुखी है।
इतिहास के साथ खिलवाड़ थी फिल्म
रघुनाथ पांडे ने कहा कि देश के लोगों ने अमर शहीद मंगल पांडे को जानने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। एक फिल्म आई वह भी गलत ढंग से पेश की गई। फिल्म में इतिहास पर बेस्ड थी ही नहीं, वह पूर्ण रूप से व्यवसायिक मनोरंजन के लिए बनाई गई थी। उस फिल्म में इतिहास के साथ खिलवाड़ हुआ।
रघुनाथ पांडेय कहते हैं कि फिल्म में मंगल पांडे को तवायफ़ के साथ रिश्ते में दिखाया गया, यह दुर्भाग्य की बात है। फिल्म में मंगल पांडे की शादी भी दिखाई गई जो कि कभी हुई ही नहीं थी। इस वजह से मैंने आमिर खान और रानी मुखर्जी पर केस भी किया था।
1 रुपए हर्जाने के लिए केस
मंगल पांडे के वंशज, रघुनाथ पांडेय कहते हैं कि ऐसे मामलों में लोग हजारों करोड़ रुपए के मानहानि का दावा करते हैं, मैंने सिर्फ एक रुपए हर्जाने के लिए सम्मान की खातिर लिए केस किया था। जज ने भी 3 घंटे फिल्म देखने के बाद फैसला दिया कि इस फिल्म को प्रदर्शित करने के दौरान यह बताना जरूरी होगा कि यह फिल्म ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित नहीं है।